मंगल कलश यात्रा के साथ खूंटी में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ शुरू
मंगल कलश यात्रा के साथ खूंटी में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ शुरू
खूंटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कर्रा प्रखंड के महतो टोली में दो दिवसीय पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ शनिवार को धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगल कलश यात्रा से हुई, जिसका नेतृत्व शांतिकुंज से पधारे परिव्राजक चंदन मोदी ने किया। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में मंगल कलश धारण कर महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। शाम को महतो टोली दुर्गा मंडप प्रांगण स्थित यज्ञशाला में सैकड़ों दीपों के साथ संगीतमय दीप यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर शांतिकुंज के तपोनिष्ठ गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की युग निर्माण योजना पर प्रकाश डाला गया। चंदन मोदी ने कहा कि मानव मात्र में देवत्व के जागरण और धरती पर स्वर्ग के अवतरण के लिए गायत्री महामंत्र का घर-घर प्रतिस्थापन आवश्यक है। उन्होंने समाज में व्याप्त समस्याओं का मूल कारण अचिंत्य चिंतन बताया और कहा कि इसे केवल सद्वविचार के माध्यम से ही समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्णा साहू, जलेश्वर महतो, लखी नारायण साहू, द्वारिका केशरी, नागेंद्र महतो, अनीता देवी सहित अन्य मौजूद थे।
—————