फतेहाबाद : युवाओं में मोबाइल की बढ़ती लत चिंताजनक, कुछ समय के लिए करें त्याग:डॉ. शिवप्रज्ञा
फतेहाबाद : युवाओं में मोबाइल की बढ़ती लत चिंताजनक, कुछ समय के लिए करें त्याग:डॉ. शिवप्रज्ञा
फतेहाबाद, 7 अप्रैल (हि.स.)। जैन साध्वी एवं युवा प्रेरिका डॉ. शिवप्रज्ञा व मधुर गायिका साध्वी खुशी ने सोमवार को मनोहर मैमोरियल कॉलेज में आज के युवाओं में मोबाइल फोन को लेकर बढ़ती लत को लेकर चिंता जताई। विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उनहोंने मोबाइल फोन अत्याधिक प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों बारे जानकारी दी। जैन साध्वियों ने कहा कि मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग लोगों के समय की बर्बादी का कारण बन रहा है। युवा वर्ग घंटों तक सोशल मीडिया और गेम्स में व्यस्त रहता है, जिससे पढ़ाई और अन्य महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होते हैं। लंबे समय तक मोबाइल फोन का उपयोग स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। कार्यक्रम में विशेष तौर पर एसएस जैन सभा श्याम नगर फतेहाबाद के प्रधान सुरेन्द्र मित्तल, प्रमुख समाजसेवी नेहा मित्तल, सुखदेव कालापीला, विनोद मित्तल, नवल जैन, कृष्ण मोंगा, प्रवीन जैन भी मौजूद रहे। कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने जैन साध्वियों व अन्य अतिथियों का कॉलेज पहुंचने पर स्वागत किया। वाइस प्रिंसीपल डॉ. मीनाक्षी कोहली ने जैन साध्वियों द्वारा दिए गए संदेश को लाभप्रद बताते हुए विद्यार्थियों से इन पर अमल करने का भी आह्वान किया। जैन साध्वी डॉ. शिवप्रज्ञा ने छात्र-छात्राओं को मोटिवेट करते हुए कहा आज हर माता-पिता की एक ही शिकायत रहती है कि उनका बच्चा घंटों मोबाइल फोन से चिपका रहता है। मोबाइल पर कई तरह की चीजें देखने की वज़ह से उनकी भाषा खराब होने के साथ स्वभाव भी चिड़चिड़ा हो रहा है। व्यक्ति चाहते हुए भी खुद को इस लत से नहीं निकाल पा रहा है। समस्या तब और ज्यादा बढ़ जाती है जब यह लत बड़ों को देखते-देखते बच्चों को भी अपनी गिरफ्त में लेने लगती है। सोशल मीडिया इतना बड़ा है कि बच्चा हानिकारक वेबसाइटों तक पहुंच सकता है, जो उनकी सोचने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन के इस युग में आजकल सभी अपने मोबाइल फोन को 24 घंटे अपने पास रखते हैं। इसकी वजह से बहुत जल्दी लोग डिप्रेशन और तरह-तरह की बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में हमें कुछ समय के लिए मोबाइल का त्याग अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर एसएस मल्होत्रा, डॉ. संध्या अग्रवाल, कैप्टन रजनी वर्मा, प्रो. तृप्ता मेहता, डॉ. विजय गोयल, प्रो. सुरेन्द्रपाल सिद्धू, प्रो. तारिका, अनु जिंदल, डॉ. रामगोपाल सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।