रेलवे संपत्ति चोरी करते तीन आरोपित गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम, 27 नवंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर रेलवे संपत्ति चोरी करने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से रेलवे ट्रैक का कटा हुआ टुकड़ा और सिग्नल प्रणाली में इस्तेमाल होने वाली करीब 20 मीटर क्वाड रिलीज केबल बरामद की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवा मुखी, शंकर महतो और सावन पूर्ति के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात रेलवे सुरक्षा बल की टीम मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 12:45 बजे मनोहरपुर से जराईकेला की ओर तीसरी रेल लाइन के दाहिनी तरफ तीन संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर भारी सामान लेकर आते दिखाई दिए। रेलवे किलोमीटर संख्या 373/33ए से 35ए के पास गश्ती दल को देखते ही तीनों भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से करीब एक मीटर लंबा रेलवे ट्रैक का कटा हुआ टुकड़ा बरामद हुआ। इसके अलावा रेलवे सिग्नल प्रणाली में इस्तेमाल होने वाली क्वाड रिलीज केबल के दो कटे हुए हिस्से भी मिले, जिनकी कुल लंबाई करीब 20 मीटर है। आरपीएफ ने सभी बरामद सामग्रियों को जब्त कर लिया।
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट मनोहरपुर में रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत शिवा मुखी, शंकर महतो और सावन पूर्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक और सिग्नल प्रणाली से जुड़ी सामग्री की चोरी गंभीर अपराध है। इस तरह की घटनाओं से रेल परिचालन प्रभावित होने के साथ यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।———–
