बीएलडब्ल्यू परिसर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरायी स्कूटी, किशोर की मौत
वाराणसी, 24 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। स्कूटी से जा रहा किशोर अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और उसकी स्कूटी डिवाइडर से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल किशोर को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक त्रिपाठी का पुत्र अंजनेय त्रिपाठी मंगलवार सुबह करीब पांच बजे स्कूटी (यूपी 65 ईबी 5985) से कहीं जा रहा था। वह बीएलडब्ल्यू के मुख्य गेट से करीब 300 मीटर अंदर पहुंचा था, तभी अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अंजनेय गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाने से दो सिपाही और एक उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल किशोर को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी प्रशान्त पाण्डेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
