रिवर्स पलायन के नायक बने मिरिया गांव के राजेश सजवाण
नई टिहरी, 22 नवंबर । उत्तराखंड के पहाड़ी गांवों से हो रहे पलायन के बीच टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक के मिरिया गांव निवासी राजेश सजवाण ने अपनी मेहनत और उद्यमशीलता से गांव में ही स्वरोजगार की राह तैयार की है। शहर की नौकरी छोड़कर पैतृक गांव लौटे राजेश आज सेब की बागवानी और सब्जी उत्पादन से सालाना आठ से 10 लाख रुपये तक की आमदनी कर रहे हैं। उनकी इस पहल से आसपास के क्षेत्र के अन्य किसान भी बागवानी के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
जौनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खड़कसारी के मिरिया गांव निवासी राजेश सजवाण ने सीमित रोजगार अवसरों के बीच गांव लौटकर खेती-बागवानी को आजीविका का माध्यम बनाने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार की एप्पल मिशन योजना और उद्यान विभाग की तकनीकी एवं आर्थिक सहायता का लाभ उठाया।
राजेश ने बताया कि वर्ष 2021-22 में एप्पल मिशन योजना के तहत 500 सेब के पौधे लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में 500 और पौधों का रोपण किया। इस तरह उन्होंने कुल एक हजार पौधों से सेब का बगीचा विकसित किया। योजना के तहत उन्हें 80 प्रतिशत अनुदान मिला, जबकि 20 प्रतिशत खर्च स्वयं वहन किया।
शुरुआत में उन्हें इस नए काम को लेकर आशंकाएं थीं, लेकिन मेहनत और बेहतर प्रबंधन से बागवानी आगे बढ़ी। आज वह न केवल खुद अच्छी आमदनी कर रहे हैं, बल्कि दूसरे ग्रामीणों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनकी पहल से आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। वहीं, गांव में 10 से अधिक लोगों को रोजगार भी मिल रहा है।
राजेश ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या के कारण सिंचाई करना चुनौतीपूर्ण था। इसके समाधान के लिए उन्होंने लघु सिंचाई विभाग के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित कराया। इससे खेतों तक पानी पहुंचने लगा। अब सेब की बागवानी के साथ आसपास के खेतों में मटर, शिमला मिर्च और टमाटर जैसी सब्जियों का उत्पादन भी किया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जिले में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत एमएम-111 और एम-9 प्रजाति के सेब के पौधों का रोपण कराया जाता है। योजना के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान के साथ तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजेश सजवाण ने योजना का लाभ लेकर बागवानी को स्वरोजगार का माध्यम बनाया है।
