नोआमुंडी रन-ए-थॉन में 4500 से अधिक धावकों ने लगाई दौड़
पश्चिमी सिंहभूम, 22 नवंबर । जिले के नोआमुंडी में रविवार को खेल और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। टाटा स्टील के ओर माइंस एंड क्वेरीज विभाग की ओर से आयोजित नोआमुंडी रन-ए-थॉन के छठे संस्करण में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 4500 से अधिक धावकों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘हरित भविष्य के लिए दौड़ें’ रखी गई थी। आयोजन के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
नोआमुंडी के खेल परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कच्चा माल) संदीप कुमार ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, टाटा स्टील के ओर माइंस एंड क्वेरीज विभाग के महाप्रबंधक देबाशीष जेना और कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों के धावकों ने निर्धारित दूरी की दौड़ में हिस्सा लिया।
पांच किलोमीटर बालक वर्ग में झारखंड के उदय मेलगांडी ने प्रथम, आशियान बानरा ने द्वितीय और अविनाश पुर्ती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में निशा कुमारी प्रथम, अंकिता रानी त्रिया द्वितीय और जिया हेम्ब्रम तृतीय रहीं।
