मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही न बरतें बीएलओ, जिलाधिकारी ने दिए पात्रों के नाम जोड़ने के निर्देश
फर्रुखाबाद, 22 नवंबर । जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को फर्रुखाबाद जनपद के पुलिस लाइन फतेहगढ़ में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची संशोधन और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और सभी प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच की जाए।
जिलाधिकारी ने अर्हता तिथि एक जनवरी के आधार पर प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन किया। साथ ही बीएलओ के पास नाम जुड़वाने, कटवाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए उपलब्ध फार्म-06, 07 और 08 की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची की प्रत्येक प्रविष्टि का गंभीरता से परीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम उसमें शामिल करना है। ऐसे चिह्नित अर्ह नागरिक, जिनका नाम अभी तक जिले की किसी भी निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, उनका नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राथमिकता से शामिल कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि फार्म-6 प्राप्त करते समय आवेदक की नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो, सक्रिय मोबाइल नंबर, पूरा पता और अन्य जरूरी अभिलेख अनिवार्य रूप से लिए जाएं। सभी आवश्यक प्रपत्र और दस्तावेज 16 दिसंबर 2026 तक एकत्र करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने और आवेदन प्राप्त होने पर उनकी जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में किसी पात्र नागरिक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित अर्हता पूरी करने वाला कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
