News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

रांची के तीन शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

रांची, 17 नवंबर । राज्य नोडल पदाधिकारी (एनयूएचएम) डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में मंगलवार को राजधानी के तीन शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य शहरी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्था को सुदृढ़ करना था। इस दौरान शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राशलदाह, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुकम-हेहल और यूपीएचसी हेहल का दौरा किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी के निर्धारित समय पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा कम अवधि में समाप्त होने वाली दवाओं का प्राथमिकता के आधार पर उपयोग करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री का प्रभावी इस्तेमाल करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि शहरी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली में सुधार जरूरी है। दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लाभार्थियों को चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के लिए सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान एसपीएम-एनयूएचएम मो. यूसुफ अंसारी और इंटेलिहेल्थ के प्रशांत कुमार भी मौजूद थे।

Leave a Reply