News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
UP

छठ पूजा की तैयारियों में नहीं होनी चाहिए कोई कमी : मनीष कुमार वर्मा

प्रयागराज, 12 नवंबर । छठ पूजा को ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को बोट से संगम घाट, राम घाट, अरैल घाट और बलुआघाट सहित विभिन्न घाटों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, मोबाइल शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग और नगर निगम को घाटों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने पुलिस प्रशासन को यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक तथा बैरिकेडिंग लगाने को कहा। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख आयोजन स्थलों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने को भी कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ऋषिराज, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, उपजिलाधिकारी विवेक शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply