News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Himachal Pradesh

जुब्बल में 50 ग्राम चिट्टे के साथा नेपाली युवक गिरफ्तार, पहले भी दो मामले दर्ज

शिमला, 11 नवंबर । शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने जुब्बल क्षेत्र में एक युवक को करीब 50 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह बरामदगी हाटकोटी के नजदीक गलू में गश्त के दौरान की। आरोपी की पहचान संजू राही उर्फ माधव (29) निवासी नेपाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार डिटेक्शन सेल रोहड़ू की टीम गलू में गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस थाना जुब्बल में सात नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे के इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक आरोपी का पहले का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 2020 में पुलिस थाना जुब्बल में उसके खिलाफ 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद होने का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में पुलिस थाना रोहड़ू में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज हुआ था। उस दौरान कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन एचसीएल युक्त कफ सिरप की 70 बोतलें बरामद की गई थीं। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Leave a Reply