News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
MP

दिग्विजय सिंह के बयान पर भोपाल में विरोध प्रदर्शन, सकल सनातन समाज ने 4 नेताओं के पुतले जलाए

भोपाल, 07 नवंबर । बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर विरोध तेज हो गया है। शनिवार को भोपाल के बैरागढ़ में बागेश्वर धाम मंडल और सकल सनातन समाज के सदस्यों ने प्रदर्शन कर दिग्विजय सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, दामोदर यादव और हर्षा रिछारिया के पुतले जलाए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए दिग्विजय सिंह से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

पंडित वृंदावन गर्ग के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ नेता राजनीतिक लाभ के लिए बागेश्वर धाम और सनातन धर्म को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह की टिप्पणी को संतों का अपमान बताते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शन में शामिल भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राहुल राजपूत ने भी दिग्विजय सिंह के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर की गई टिप्पणी को उनके समर्थक पूरे सनातन समाज का अपमान मान रहे हैं। राजपूत ने दावा किया कि बागेश्वर धाम की ओर से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह और कैंसर अस्पताल जैसे सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि दिग्विजय सिंह जहां भी जाएंगे, उनका विरोध किया जाएगा।

महंत रवि पटेरिया ने कहा कि बैरागढ़ से आंदोलन की शुरुआत की गई है। सनातन धर्म और बागेश्वर धाम का विरोध करने वालों के खिलाफ आगे बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। वहीं, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल विधानी ने दिग्विजय सिंह पर सनातन धर्म के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह को अपनी टिप्पणी पर माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा सनातन समाज उनका विरोध जारी रखेगा।

दरअसल, दिग्विजय सिंह अपनी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने उन्हें ‘मूर्ख’ कहा था और सवाल उठाया था कि वे कब से बाबा बन गए। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर उठे विवाद के बीच की गई इस टिप्पणी के बाद बागेश्वर धाम के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दिग्विजय सिंह और अखिलेश यादव ने माफी नहीं मांगी तो आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर आगे बढ़ाने की भी चेतावनी दी।

Leave a Reply