News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

शिल्पकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

खूंटी , 04 नवंबर । महात्मा एनडी ग्रोवर डीएवी पब्लिक स्कूल, तोरपा में बुधवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिरुचि और कल्पनाशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिल्पकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला एवं हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे कागज, विभिन्न सजावटी सामग्रियों और अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर आकर्षक शिल्पकृतियां तैयार कीं। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और मेहनत से एक से बढ़कर एक कलाकृतियां बनाईं। उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति और सृजनात्मक सोच ने शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विजेताओं में कक्षा प्रथम ए से स्नेहा तोपनो, प्रथम बी से अंश गोप, द्वितीय ए से कृष्णा महतो, द्वितीय बी से शबीन बड़ा नायक, तृतीय से अनमोल केरकेट्टा, चतुर्थ से आरोही सिंह, पंचम से नम्रता तोपनो, षष्ठम से पलक जायसवाल, सप्तम से जोया नाज अख्तर, अष्टम से माधुरी तोपनो तथा कक्षा नवम-दशम से श्रुति कुमारी शामिल हैं।

विद्यालय के प्राचार्य ज्ञान हंस ओझा ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और कला के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply