News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Rajasthan

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, राजस्थान में अगले सप्ताह मौसम रहेगा शुष्क

जयपुर, 01 नवंबर । पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम का असर खत्म होने के बाद राजस्थान में अब मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। शनिवार को प्रदेश के 23 शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इनमें तीन शहरों में रात का पारा 14 डिग्री से नीचे रहा। माउंट आबू 12.7 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्का कोहरा भी नजर आया।

मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, जयपुर, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, डबोक, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, माउंट आबू, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, सिरोही, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और झुंझुनूं सहित कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। बाड़मेर में 35.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री रहा।

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम का असर शनिवार से प्रदेश में कमजोर पड़ गया। इसके बाद मौसम साफ होने लगा है। रविवार सुबह कई जिलों के ग्रामीण इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम साफ होने के साथ आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

राजधानी जयपुर में रविवार को दिनभर हल्के और छितराए बादल छाए रहे। बादलों के बीच धूप भी खिली। इसके चलते दिन के तापमान में मामूली गिरावट और रात के तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा। मौसम साफ होने के बाद राजधानी के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Leave a Reply