हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम, 22 अक्टूबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत नेपाली टोला लोआपी में 27 वर्षीय युवक जोएल हेम्ब्रम की हत्या के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सुरू हेम्ब्रम (32) और उनके पति तादियुस हेम्ब्रम (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा लकड़ी का पीढ़ा और लोहे का साबल बरामद किया है। गुरुवार को जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे ग्रामीण मुंडा टेंसरा से सूचना मिली कि नेपाली टोला लोआपी में चुम्बरु हेम्ब्रम उर्फ रामेश्वर हेम्ब्रम के घर में जोएल हेम्ब्रम की हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान पतरस हेम्ब्रम के 27 वर्षीय पुत्र जोएल हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वह टेंसरा गांव के लोआपी टोला का निवासी था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक को सूचित किया गया। मामले की पुष्टि के बाद टोंटो थाना में (कांड संख्या 21/2026 के तहत 21 अक्टूबर को ) प्राथमिकी दर्ज की गई। हत्याकांड की जांच और आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि 20 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे जोएल हेम्ब्रम कथित तौर पर सुरू हेम्ब्रम के साथ गलत करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सुरू हेम्ब्रम और उनके पति तादियुस हेम्ब्रम ने कथित रूप से लकड़ी के पीढ़े और लोहे के साबल से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपिताें को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार किया है।
घटनास्थल से बरामद खून लगे लकड़ी के पीढ़े और लोहे के साबल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इन वस्तुओं को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
छापेमारी टीम में टोंटो थाना के पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय सिंह, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुजूर, पुलिस अवर निरीक्षक रणधीर कुमार, हवलदार छोटू टुडू, आरक्षी चामू मुंडा और सहायक आरक्षी चुम्बरू हेम्ब्रम शामिल थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
