जींद : बैटरी स्क्रैप व्यापारियों से पांच लाख लूट के चार आरोपित गिरफ्तार
जींद, 19 अक्टूबर । सदर थाना पुलिस ने गांव घिमाना के निकट बैटरी स्क्रैप व्यापारी से मारपीट कर चार लाख 98 हजार 600 रुपये लूटने के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को चारों आरोपितों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
भिवानी जिले के गांव कोट निवासी राजेश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गत 16 अक्टूबर को वह पुरानी बैटरियों के स्क्रैप का काम करता है। वह अपने साथी प्रवीन के साथ शुक्रवार रात गाड़ी में बैटरी स्क्रैप भर कर लाया था। उन्होंने हांसी रोड प्लाट नंबर 17 में स्क्रैप को बेच दिया। बेची गई स्क्रैप राशि चार लाख 98 हजार 600 रुपये उनके पास थी। उन्होंने राशि को पॉलीथिन में डाल कर परिचालक सीट के नीचे टूल में रख दिया था। इसके बाद देर रात को दोनों अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे।
जब वह भिवानी रोड पर गांव घिमाना के पास पहुंचे तो पीछे से आई दो गाडिय़ों ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों गाडिय़ों में सात लोग थे। एक युवक ने उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली और उसे थप्पड़ मारा। दूसरे युवक ने उसके साथी प्रवीण को नीचे उतार लिया और बिंडों से हमला कर दियाा। आरोपितों ने गाड़ी की तलाशी लेते हुए सीट के नीचे रखे पैसे निकाल लिए और राशि लेकर धमकी देते हुए फरार हो गए।
सोमवार को जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच को आगे बढाया तो भूपेंद्र नगर निवासी चांद, दुर्गा कालोनी निवासी जयदीप, बीबीपुर निवासी लोकेश व रामनगर निवासी शुभम के नाम उभर कर सामने आए। जिस पर पुलिस ने चारों आरोपितों को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
