आईपीएल 2027: चामिंडा वास बने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने 2027 सत्र से पहले श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। वास पिछले दो सत्रों से इस जिम्मेदारी को संभाल रहे मुनाफ पटेल की जगह लेंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनकी नियुक्ति की घोषणा की।
फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “विश्व कप विजेता और श्रीलंका के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक। टाइगर टेरिटरी में आपका स्वागत है, कोच।”
श्रीलंका के सबसे चर्चित क्रिकेटरों में शामिल वास ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में गेंद और बल्ले, दोनों से योगदान दिया। वह श्रीलंका की ओर से टेस्ट क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके नाम 111 टेस्ट मैचों में 355 विकेट दर्ज हैं। वहीं, एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह श्रीलंका के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 322 एकदिवसीय मुकाबलों में 400 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी में भी वास ने टेस्ट क्रिकेट में 3,089 और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2,025 रन बनाए।
वास मुख्य कोच सौरव गांगुली के नेतृत्व वाले दिल्ली कैपिटल्स के नए कोचिंग दल का हिस्सा होंगे। फ्रेंचाइजी ने हाल ही में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को आईपीएल 2027 के लिए सहायक कोच और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया था। मंगलवार को युवराज की नियुक्ति की घोषणा की गई थी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर युवराज ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ नई शुरुआत को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने फ्रेंचाइजी के साथ अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख किया और सौरव गांगुली के साथ कोच के रूप में काम करने को लेकर खुशी जाहिर की।
युवराज ने कहा, “मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करने को लेकर उत्साहित हूं। फ्रेंचाइजी के साथ मेरा पुराना जुड़ाव है और मैं मालिकों को अच्छी तरह जानता हूं, इसलिए यह मेरे लिए एक विशेष अवसर है। मैं दादा के साथ फिर से जुड़ने के लिए भी उत्सुक हूं, लेकिन इस बार हम कोच के रूप में साथ काम करेंगे। कोचिंग ऐसा काम है, जिसे लेकर मैं वास्तव में जुनूनी हूं और इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ शुरुआत करने का इंतजार नहीं कर सकता। मुझे पूरा विश्वास है कि यह मेरे लिए एक रोमांचक सफर होगा और मैं टीम की सफलता में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”
