News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
MP

राजगढ़ः बैटरी डिस्चार्ज होने से रास्ते में फंसे दिव्यांग तीर्थयात्री, पुलिस ने पहुंचाया गंतव्य तक

राजगढ़, 11 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना पुलिस टीम ने शनिवार की रात्रि में गश्त के दौरान बैटरी डिस्चार्ज होने से रास्ते में फंसे दिव्यांग तीर्थयात्रियों की परेशानी देखकर तत्काल मदद की और उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की।

थाना प्रभारी जितेन्द्र अजनारे ने रविवार को बताया कि दिव्यांग यात्री बीती रात बैटरी चलित साइकिल से कामखेड़ा बालाजी के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में साइकिल की बैटरी डिस्चार्ज हो गई, जिससे वे आगे की यात्रा करने में असमर्थ हो गए। रात का समय होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी दौरान रात्रि गश्त के दौरान पुलिस के जवानों की नजर उन पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों के पास पहुंचकर उनकी समस्या जानी और उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की।

पुलिस की इस मदद से यात्रियों को राहत मिली और उनकी तीर्थयात्रा में आई बाधा दूर हो गई। चार पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका इस मानवीय कार्य में प्रधान आरक्षक माखन सिंह, प्रधान आरक्षक चेतन सिंह, आरक्षक प्रशांत शर्मा और डायल-112 चालक सुनील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में जिला पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ सामुदायिक पुलिसिंग पर भी जोर दे रही है। कालीपीठ पुलिस की यह पहल बताती है कि जरूरतमंदों की सहायता करना भी पुलिस के कर्तव्यों का अहम हिस्सा है। ऐसे प्रयासों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत होता है।

Leave a Reply