News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
UP

रामनगरी में नवरात्रि की धूम, देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

अयोध्या, 11 अक्टूबर । रामनगरी अयोध्या में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ सोमवार को मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पहले दिन देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही बड़ी देवकाली मंदिर में भक्तों का तांता लग गया, जबकि छोटी देवकाली मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। रुदौली स्थित मां कामाख्या धाम, कैंट क्षेत्र के पार्टेश्वरी माता और मरी माता मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में भी दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही। मंदिरों में घंटियों की गूंज और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

नवरात्रि के पहले दिन घरों और मंदिरों में कलश स्थापना के साथ शक्ति की उपासना शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में वायव्य कोण (उत्तर-पश्चिम दिशा) में प्रतिष्ठित जगज्जननी मां भगवती का कलश स्थापित कर पूजन-अर्चन किया गया। वहीं, परकोटे की उत्तरी भुजा के मध्य स्थित मां अन्नपूर्णा का विशेष शृंगार कर आराधना की गई। मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

नवरात्रि के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप प्रमुख देवी मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा और अग्निशमन की टीमें भी तैनात हैं।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि नवरात्री के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत सभी प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। सीसीटीवी निगरानी, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी तरह की असुविधा न हो। पूरे नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बनाए रखी जाएगी।

राम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या में हुए आधारभूत ढांचे के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। चौड़े मार्ग, पार्किंग की व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और मंदिर परिसरों में बेहतर इंतजाम से दर्शन-पूजन के लिए आने वाले भक्तों की आवाजाही सुगम हुई है। नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ के बीच महिला और पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में माता के दर्शन के लिए पहुंचे। घरों से लेकर मंदिरों तक भक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

प्रशासन का कहना है कि पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आस्था और भक्ति के रंग में रंगी रामनगरी में पहले दिन पूजा-अर्चना श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई।

Leave a Reply