दशहरा को लेकर जरियागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, अफवाहों से दूर रहने की अपील
खूंटी, 10 अक्टूबर । दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जरियागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने और विधि-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक की अगुवाई अंचल अधिकारी अन्वेषा ओना, तोरपा के एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर परशुराम पासवान और जरियागढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने की। इस दौरान दशहरा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर रोक लगाने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सूचना की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों और ग्रामीणों से आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए आम लोगों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दशहरा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एसआई आनंद पंडित, जिला परिषद सदस्य जोरंग आईंद, मुखिया क्षेत्री हेमरोम, मीना देवी, सुनीता चोचा, राहुल केसरी, विनय गुप्ता और गुलजार खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।———–
