News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Uttarakhand

नदियों का प्राथमिकता से कराएं चैनलाइजेशन : महाराज

देहरादून, 08 अक्टूबर । सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को प्रदेश की नदियों का प्राथमिकता के आधार पर चैनलाइजेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई क्षमता के अनुरूप किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी उपाय तत्काल किए जाएं।

देहरादून की यमुना कॉलोनी स्थित लोक निर्माण विभाग सभागार में गुरुवार को सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में सतपाल महाराज ने लंबित परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सिंचाई विभाग के अधीन पुलों के नीचे उचित चैनलाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं का थर्ड पार्टी परीक्षण कराया जाए। उन्होंने सभी नहरों की टेल फीडिंग सुनिश्चित करने तथा बजट का निर्धारित मानकों के अनुसार उपयोग करने को कहा।

बैठक में जलाशयों और बैराजों की स्थिति, जल प्रबंधन तथा प्रमुख संस्थाओं की लगातार निगरानी की भी समीक्षा की गई। महाराज ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त चमोली और थराली के 24 कार्यों के लिए 1,076 करोड़ रुपये, 774.33 करोड़ रुपये की सात योजनाओं और कुंभ कार्यों के लिए 98 करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है।

उन्होंने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊं की नदियों के चैनलाइजेशन के लिए मॉर्फोलॉजिकल और वैज्ञानिक अध्ययन कराया जा रहा है। जमरानी बांध के लिए इस वर्ष 337 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान है, जिसमें से अब तक 166 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है।

बैठक में अपर सचिव सिंचाई गरिमा रौंकली, प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, मुख्य अभियंता शंकर कुमार शाह और मुख्य अभियंता चंद्रशेखर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply