विदिशाः वाहन चेकिंग अभियान में 26 वाहनों पर चालानी कार्रवाई, 2.26 लाख से अधिक की वसूली
विदिशा, 08 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में जिला परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों के पालन एवं वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत गुरुवार को सागर रोड, गुलाबगंज एवं गंजबासौदा क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान विभिन्न वाहनों के दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, कर, बीमा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। जांच के दौरान 26 वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 18 वाहनों से शमन शुल्क के रूप में 2,06,500 रुपये तथा मोटरयान कर के रूप में 19,968 रुपय इस प्रकार कुल 2,26,468 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। वहीं, प्रकरणों के निराकरण की प्रत्याशा में 08 वाहनों को जप्त किया गया है। जप्त वाहनों में से 06 वाहन पुलिस थाना गंजबासौदा, 01 वाहन परिवहन कार्यालय विदिशा परिसर तथा 01 वाहन गुलाबगंज में सुरक्षार्थ रखा गया है। जप्त वाहनों से लगभग दो लाख रुपये अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि स्कूल एवं यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर आज की चेकिंग कार्यवाही के दौरान विशेष रूप से स्कूल बसों एवं यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की गई। परिवहन विभाग द्वारा बसों में निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों, आवश्यक दस्तावेजों तथा यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा ने बताया कि जिले में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए वाहन चेकिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। विशेष रूप से स्कूली बच्चों एवं यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े वाहनों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर प्राथमिकता दी जा रही है।
