News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

झामुमो राज में जंगल भी सुरक्षित नहीं : डॉ. दिनेशानंद

रांची, 29 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने चाकुलिया प्रखंड के सांकाभांगा गांव के समीप जंगल में बड़ी संख्या में साल (सखुआ) के पेड़ काटे जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों के बावजूद जंगलों में पेड़ों की कटाई चिंता का विषय है।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में गोस्वामी ने कहा कि सांकाभांगा के पास जंगल में बड़ी संख्या में साल के पेड़ काटे गए हैं। उनके अनुसार, यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद वन विभाग को कटाई की जानकारी नहीं मिल सकी।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार के कार्यकाल में कोयला, बालू, पत्थर सहित प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और लूट हो रही है तथा अब जंगलों में पेड़ों की कटाई भी शुरू हो गई है। गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्राकृतिक संसाधनों की कथित लूट और जंगलों में पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह किया।

गौरतलब है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में तसरीशोल गांव के निकट रिजर्व फॉरेस्ट में भी हाल में साल और चिरौंजी के पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर काटे गए पेड़ों को जब्त किया है।

Leave a Reply