किराया मांगा तो मकान मालिक पर चार गोलियां दागीं
पाली, 23 सितंबर । सोजत रोड इलाके में दो साल से बकाया किराया मांगना मकान मालिक को भारी पड़ गया। किरायेदार ने रिवॉल्वर से मकान मालिक पर एक के बाद एक चार गोलियां चला दीं। फायरिंग से बचने के लिए मकान मालिक रेंगते हुए पास की दुकान में घुस गया, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए दुकान में भी पहुंच गया और वहां भी फायरिंग कर दी। घटना में मकान मालिक के पेट में तीन और कमर में एक गोली लगी है।
घायल का जोधपुर एम्स में उपचार चल रहा है।
घटना सोजत रोड के सुभाष मार्ग की है। पुलिस के अनुसार घायल मकान मालिक पूरण मारू (40) का मकान है, जिसमें अमित नाम का व्यक्ति करीब दो साल से किरायेदार है। आरोप है कि उसने दो साल से किराया नहीं दिया था। मंगलवार को पूरण ने जब उससे किराया मांगा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि किरायेदार अमित ने गाली-गलौज करते हुए पूरण से कहा कि वह नया-नया पैसे वाला बना है और ‘आज तेरा खेल ही खत्म कर दूंगा।’
इसके बाद वह रिवॉल्वर लेकर आया और पूरण पर फायरिंग शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए पूरण दुकान में घुस गया, लेकिन आरोपी भी उसके पीछे दुकान में पहुंच गया। वहां उसने फिर गोली चलाई। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया, जिसमें मकान मालिक को फायरिंग से बचने के लिए दुकान की ओर जाते हुए देखा जा सकता है।
सोजत रोड थाना प्रभारी कमला लोहार ने बताया कि पूरण पर उसके किरायेदार अमित ने फायरिंग की है। मामले में पूरण के भतीजे हरीश की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।