News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

मधुबन रेल साइडिंग में मालगाड़ी बेपटरी होने के बाद डीआरएम ने किया निरीक्षण

धनबाद, 22 सितंबर । धनबाद जिले के बाघमारा क्षेत्र स्थित मधुबन रेल साइडिंग में कोयला लोड मालगाड़ी के बेपटरी होने के बाद मंगलवार को आद्रा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मुकेश गुप्ता ने खानुडीह स्टेशन और मधुबन रेल साइडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना और साइडिंग की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल ब्लॉक-2 और बरोरा एरिया-1 के महाप्रबंधक समेत स्थानीय रेल अधिकारी मौजूद रहे। डीआरएम ने बीसीसीएल और रेलवे अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा साइडिंग में चल रहे कार्यों और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीआरएम मुकेश गुप्ता ने कहा कि मधुबन रेल साइडिंग काफी महत्वपूर्ण है और यहां कार्य सही तरीके से चल रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम पूरा किया जाएगा। हालांकि, मालगाड़ी के बेपटरी होने की घटना के संबंध में उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि रेलवे बीसीसीएल के साथ मिलकर काम कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को मधुबन रेल साइडिंग में कोयला लोड मालगाड़ी का एक चक्का पटरी से उतर गया था। काफी मशक्कत के बाद मालगाड़ी को साइडिंग से हटाया गया। घटना के बाद साइडिंग में रैक लोडिंग का काम प्रभावित हुआ है, जबकि क्षतिग्रस्त रेल पटरी को दुरुस्त करने का कार्य जारी है।———–

Leave a Reply