एसपी ने बरलंगा थाना का वार्षिक निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रामगढ़, 19 सितंबर । रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को बरलंगा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के अभिलेखों की गहनता से जांच की और पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने वारंट, इश्तेहार और कुर्की से संबंधित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने तथा वारंटियों और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामारी अभियान चलाने को कहा।
एसपी ने अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अड्डेबाजी तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया। संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर नियमित निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा।
एसपी ने क्षेत्र के बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने बैंकिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।
करमा पर्व को देखते हुए एसपी ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने और क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी रखने का निर्देश दिया।
———-