News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

राजगढ़ः जनकल्याण शिविर में मंत्री पंवार ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,समय सीमा में निराकरण के निर्देश

राजगढ़, 18 सितम्बर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ब्यावरा विधानसभा के ग्राम भीलवाड़िया में जनकल्याण शिविर लगाया गया। इसमें प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, जरूरतें और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का जल्द और उचित निराकरण करने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संकल्प है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का प्रमुख दायित्व जनता की सेवा करना तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करना है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता का काम करना ही हमारा काम है। समस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

शिविर में मंत्री ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। राजस्व विभाग से लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। जल निगम के अधिकारियों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पूछी और ग्रामीणों को पर्याप्त एवं नियमित पानी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था में सामने आ रही कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर मंत्री ने संबंधित सुपरवाइजर के प्रति नाराजगी जताई।

उन्होंने विभागीय योजनाओं और कार्यों की अद्यतन जानकारी रखने तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। शिकायत हो तो अधिकारियों को बताएं मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा अधिकारों का हनन किया जाता है या समस्या के समाधान में अनावश्यक देरी होती है तो इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें। जो मामले स्थानीय स्तर पर हल नहीं हो सकते, उनमें उच्च अधिकारियों से समन्वय कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शिविर में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, गिरराज लववंशी, अर्जुन सौंधिया,जय चैहान,एसडीएम गोविंदकुमार दुबे, जनपद सीईओ मोनिका झारिया सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply