फतेहाबाद : सांसद ने राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में 58 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
फतेहाबाद, 05 सितंबर । राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शनिवार को जाखल क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में विकास कार्यों का शिलान्यास किया। राज्यसभा सांसद ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला रेलवे कॉलोनी में तीन नए क्लास रूम तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाजीगर बस्ती में तीन नए क्लास रूम, रसोईघर एवं चारदीवारी के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन दोनों विकास कार्यों पर करीब 58 लाख 66 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत एवं विद्यालय परिवार की ओर से राज्यसभा सांसद सुभाष बराला का स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुभाष बराला ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में आधुनिक एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों में नए क्लास रूम के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त एवं सुविधाजनक स्थान मिलेगा। सांसद बराला ने बताया कि जाखल क्षेत्र में शिक्षा से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ विद्यालयों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा उनके समग्र विकास में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन विकास कामरा, खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष भाम्बू, चेयरमैन विकास कामरा, अर्जुन सिंह, दुल्ला राम, विद्यालयों के शिक्षकगण, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।