ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस से 66.75 लीटर अवैध शराब बरामद
धनबाद, 05 सितंबर । धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ.) को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने गश्त और जांच के दौरान हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। ट्रेन के पिछले जनरल कोच से लावारिस हालत में मिले तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैलों की तलाशी लेने पर 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार 460 रुपये आंकी गई है।
मामला धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 का है, जहां ट्रेन संख्या 13051 हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के पिछले जनरल कोच में तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैले संदिग्ध हालत में मिले।
मौजूद यात्रियों से बैग और थैलों के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी इन पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने गवाहों की मौजूदगी में सभी बैगों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कुल 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20,460 रुपये बताई जा रही है।
बरामद शराब और बियर की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली’ अंकित है। इससे आशंका जताई जा रही है कि शराब को पश्चिम बंगाल से बिहार या किसी अन्य प्रतिबंधित क्षेत्र में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।
ट्रेन के अल्प ठहराव को देखते हुए आरपीएफ टीम ने बरामद बैगों को प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर उतारा और शनिवार तड़के सुबह गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की।
आरपीएफ पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपा जाएगा।
फिलहाल आरपीएफ और संबंधित विभाग शराब तस्करी से जुड़े मुख्य आरोपित और शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।