News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

नूंह: भूजल स्तर सुधारने को सोक पिट, चेक डेम व तालाब निर्माण पर दें जोर : एडीसी ज्योति

नूंह, 01 सितंबर । भूजल स्तर में सुधार एवं वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिले में सोक पिट, चेक डेम, तालाब, ट्रेंच और रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण तेज किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने मंगलवार को जल शक्ति अभियान के तहत सिंचाई एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि गिरते भूजल स्तर को देखते हुए वर्षा जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण बेहद जरूरी है। इसके लिए सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य संस्थानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और अन्य जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण से संबंधित कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों को सोक पिट, चेक डेम, तालाब, ट्रेंच और रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर के निर्माण के करीब 5500 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। लोगों को अपने घरों और संस्थानों में वर्षा जल संचयन प्रणाली अपनाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित कर भूजल स्तर में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में निर्मित सभी जल संरक्षण संरचनाओं का विवरण जन संचय जन भागीदारी 3.0 पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। साथ ही, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति की समय-समय पर समीक्षा की जाए।

ज्योति ने कहा कि वर्षा जल संचयन से भूजल स्तर में सुधार के साथ भविष्य की जल आवश्यकताओं को भी सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग आफताब रहमान खान, कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला परिषद के अधिकारी, जिला बागवानी अधिकारी, उपमंडल अधिकारी मिकाडा, सचिव नगर पालिका, कनिष्ठ अभियंता पंचायत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply