News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : 25 किसानों का फौती नामांतरण पूरा, वारिसानों का कराया गया एग्रीस्टेक पंजीयन

बलरामपुर, 25 अगस्त । किसानों के राजस्व अभिलेखों को अद्यतन करने और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए जिले में लगातार कार्य किया जा रहा है। आज मंगलवार को ग्राम पंचायत लावा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के मृत हितग्राहियों के प्रकरणों का निराकरण करते हुए 25 किसानों का फौती नामांतरण पूरा किया गया। इसके साथ ही उनके वारिसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन भी कराया गया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त करने के साथ किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन कराने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत लावा में पीएम किसान योजना के मृत हितग्राहियों के प्रकरणों की जांच कर आवश्यक राजस्व कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत लावा में पीएम किसान योजना के 28 हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी थी। संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए अब तक 25 किसानों का फौती नामांतरण पूर्ण किया गया है। नामांतरण के बाद उनके वारिसानों को अद्यतन खसरा एवं बी-1 की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।

इसके साथ ही संबंधित वारिसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन भी कराया गया। इससे पात्र किसानों को कृषि से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। एग्रीस्टेक पंजीयन पूर्ण होने से कृषि योजनाओं, अनुदान और अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सुगम होगी।

प्रशासन द्वारा शेष प्रकरणों में भी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के साथ किसानों के राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन करने और एग्रीस्टेक पंजीयन का कार्य लगातार जारी रखा जा रहा है।

Leave a Reply