पीआरवी कर्मियों की सूझबूझ से बची युवक की जान, फंदे से उतारकर पहुंचाया अस्पताल
औरैया, 24 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली औरैया क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर में आत्महत्या के प्रयास की सूचना पर यूपी-112 की पीआरवी 8082 के कर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए एक युवक की जान बचा ली। पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता से न केवल युवक को समय रहते उपचार मिल सका, बल्कि घबराए परिजनों को भी हिम्मत मिली।
बीती रात सूचना मिलते ही पीआरवी 8082 के कर्मी बिना देर किए गांव गाजीपुर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र पुत्र दिलीप सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दे रहा है। परिजनों की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कराया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और प्राथमिक उपचार देते हुए उपचार के लिए 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया।
समय रहते पुलिस की सक्रियता के चलते युवक को उपचार मिल सका और उसकी जान बच गई। अस्पताल पहुंचने तक पुलिसकर्मियों ने परिजनों को लगातार ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
पीआरवी 8082 के कर्मियों की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। घटना ने एक बार फिर साबित किया कि यूपी-112 पुलिस आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के साथ मानवीय संवेदना का भी परिचय दे रही है।