News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

खेल आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर होगी मजबूत : मुख्यमंत्री

देहरादून, 17 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी और प्रदेश में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह बात महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ अवसर पर कही।

श्री धामी ने देश-विदेश से प्रतियोगिता में शामिल होने आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विभिन्न देशों को जोड़ने का माध्यम हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है। खिलाड़ियों के लिए जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, जबकि वास्तविक सफलता अनुशासन, समर्पण और कभी हार न मानने वाली इच्छाशक्ति में निहित है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से प्रदेश में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का आधार तैयार हुआ है। इसी के परिणामस्वरूप राज्य अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है।

धामी ने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 17 से 20 अगस्त तक देहरादून में आयोजित की जा रही है।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ,एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा,निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply