शहडोल : घरेलू विवाद पर पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, परिजन ने आरोपी को कमरे में बंद किया
शहडोल, 12 अगस्त । मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र के सरईकापा गांव में मंगलवार-बुधवार की रात्रि घरेलू विवाद के दौरान युवक ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजन ने आरोपी को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जहां बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, सरईकापा निवासी 23 वर्षीय काजल बैगा को पति सुनील बैगा ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पता चला है कि पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। मामला बढ़ने पर सुनील ने काजल पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपी पति को पकड़कर कमरे में बंद कर सूचना दी। बुढ़ार पुलिस ने गांव पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील बैगा बाहर काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार, उसका व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर सनकी तरीके से रहता था। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मनीष शुक्ला