News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

एम्स ऋषिकेश आवासीय परिसर में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार

देहरादून, 01 अगस्त । दून पुलिस ने एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए आंध्र प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, फर्जी आधार कार्ड तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को एम्स ऋषिकेश आवासीय परिसर में रहने वाले रविंद्र तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने 31 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर काली माता मंदिर, सात मोड़, देहरादून रोड ऋषिकेश के पास से आरोपित को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपित की पहचान मंडलपु शिवा अंजनेयुलू पुत्र मंडलपु कोटेश्वर राव, निवासी गुंटूर, आंध्र प्रदेश, उम्र 43 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरपित ने बताया कि वह बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल परिसरों में घूमता था और बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने एम्स ऋषिकेश के अलावा गुजरात के राजकोट स्थित सिविल अस्पताल परिसर में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग नामों वाले फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करता था और होटलों व धर्मशालाओं में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर ठहरता था। आरोपी पूर्व में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपित के पास से सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चेन, कंगन, पायल, बिछुए सहित भारी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ ऋषिकेश और राजकोट में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है और अन्य राज्यों में उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply