News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Delhi

लगातार बारिश से नेपाल के कई प्रमुख राजमार्ग बाधित, भूस्खलन और कटान से यातायात प्रभावित

काठमांडू, 01 अगस्त । लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन, बाढ़ और सड़क कटान के कारण नेपाल के कई प्रमुख राजमार्गों और सड़क खंडों पर यातायात प्रभावित हो गया है।

नेपाल पुलिस द्वारा शनिवार सुबह जारी यातायात अपडेट के अनुसार, कई सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गई हैं, जबकि संवेदनशील मार्गों पर रात के समय वाहनों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है।

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए काभ्रेपलाञ्चोक और सिंधुली को जोड़ने वाले बीपी राजमार्ग के खुरकोट–नेपालथोक–कटुन्जेबेसी खंड पर शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इसी तरह, कांति लोकपथ पर भी शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। वहीं, लगातार बारिश के कारण सड़क कीचड़युक्त हो जाने से इलाम नगरपालिका स्थित मेची राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सिंधुपालचोक जिले की भोटेकोशी नगरपालिका के जिरोकिलो और कोदारी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण अरनिको राजमार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।

दोलखा जिले में सुनकोशी नदी द्वारा सड़क का हिस्सा कट जाने से तामाकोशी ग्रामीण नगरपालिका के किरनेतार स्थित लामोसाङ्घु–रामेछाप सड़क खंड पर भी यातायात बाधित हो गया है। रसुवा जिले की उत्तरगया ग्रामीण नगरपालिका के खाल्टे क्षेत्र में त्रिशूली नदी के कटान के कारण पासाङ ल्हामु राजमार्ग भी पूरी तरह बंद हो गया है।

नेपाल पुलिस ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित अधिकारियों से सड़क की ताज़ा स्थिति की जानकारी लेने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जारी मानसून के दौरान भूस्खलन, बाढ़ और सड़क क्षति का खतरा अभी भी बना हुआ है।

Leave a Reply