सावन में गलता तीर्थ पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने की आवश्यक व्यवस्थाएं
जयपुर, 30 जुलाई । सावन मास में गलता तीर्थ पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम जयपुर ने व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगरा रोड से गलता कुंड तक आवश्यक नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है।
नगर निगम जयपुर की विद्युत शाखा द्वारा आगरा रोड से गलता कुंड तक मार्ग पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली रोड़ से गलता कुंड तक जाने वाले मार्ग पर समस्त रोड़ लाईट का भी निरीक्षण टीमों द्वारा किया गया है जो कि चालू हालत में पाई गई है। इसके अतिरिक्त, सावन मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए गलता गेट से गलता कुंड तक जाने वाले मार्ग पर प्रत्येक वर्ष की भांति आवश्यकतानुसार अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था भी की गई है, जिससे रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित एवं निर्बाध रहेगा। इसके अतिरिक्त नगर निगम की टीमों द्वारा मिशन मोड पर पर्याप्त सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
अधिशाषी अभियन्ता (विद्युत) ने बताया कि सावन मास में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गलता तीर्थ पहुंचते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की उद्यान शाखा द्वारा आगरा रोड से गलता कुंड तक मार्ग के दोनों ओर पेड़ों की आवश्यक कटाई-छंटाई का कार्य भी पूर्ण कर दिया गया है। इससे मार्ग अवरोधमुक्त होने के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था की गुणवत्ता, सफाई व्यवस्था में भी सुधार हुआ है।
नगर निगम जयपुर सावन मास के दौरान गलता तीर्थ पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा दोनों का समुचित सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।