ग्वालियरः स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में राजनैतिक दलों को प्रदान की गई मतदाता सूची की प्रति
ग्वालियर, 30 जुलाई । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्देशानुसार गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान की अध्यक्षता में स्टेंडिंग कमेटी की बैठक हुई, जिसमें नगरीय निकायों की अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची वर्ष 2026 की एक-एक प्रति सभी राष्ट्रीय राजनैतिक दलों को प्रदान की गई।
कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि देवराज भार्गव एवं चैनसिंह राजपूत, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि सतेन्द्र धाकड़, सत्यप्रकाश झा, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि हाकिम सिंह राजौरिया, एच डी मौर्य एवं नरेश सिंह दौनेरिया तथा आप पार्टी के प्रतिनिधि त्रिलोक सिंह के साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल बनवारिया एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि ग्वालियर जिले की अनुमानित जनसंख्या 25 लाख है। इसका ईपी रेशो 64 प्रतिशत होता है अर्थात ग्वालियर जिले में 16 लाख मतदाता होना चाहिए। नगरीय निकाय एवं नगरीय पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची वर्ष 2026 के अनुसार जिले में ईपी रेशो 64 प्रतिशत से 58 हजार 613 मतदाता अधिक हैं।