दो दिन से लापता भट्ठा मजदूर का शव जंगल में मिला, हत्या की आशंका
बागपत, 18 जुलाई । बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता एक भट्ठा मजदूर का शव शनिवार को जंगल में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान पलड़ा गांव निवासी अभिषेक के रूप में हुई है, जो ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसारअभिषेक दो दिन पहले अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार को उसका शव जंगल में पड़ा मिला।
शव पर सिर और पैर में चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते अभिषेक की हत्या की गई। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी प्रवीण चौहान का कहना है कि रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।