News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मंडला: मार्बल से लदी पिकअप और ट्राले की भिड़ंत में चालक की मौत, सहयोगी घायल, कुछ देर यातायात रहा बाधित

मंडला, 17 जुलाई । मध्य प्रदेश के मंडला जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार सुबह बबैहा के पास मार्बल से लदी पिकअप और ट्राले की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

हादसे की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जबलपुर के कटंगी बाईपास निवासी पिकअप चालक रोहित दुबे (26) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जबलपुर के आगा चौक निवासी अमन रैकवार (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार बोलेरो पिकअप जबलपुर से मार्बल लेकर मंडला की ओर जा रही थी। बबैहा के पास सामने से आ रहे ट्राले से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया। टिकरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply