News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

(अपडेट )डिमना लेक में डूबे युवक का शव बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 17 जुलाई ।

पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में डूबे सोनारी कागलनगर निवासी 22 वर्षीय आयुष कुमार का शव करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों के अनुसार आयुष अपने छोटे भाई पियूष के साथ डिमना लेक घूमने आया था। दोनों भाइयों ने पहले लेक के किनारे तस्वीरें खिंचवाईं और उसके बाद स्नान करने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान आयुष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। वहीं उसका छोटा भाई पियूष सुरक्षित बाहर निकल आया।

घटना की सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान तत्काल शुरू किया गया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने आयुष का शव पानी से बाहर निकाला। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग डिमना लेक पहुंच गए।

विधायक सरयू राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि आयुष एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply