News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

सागर के स्कूल में बैग से निकली नागिन, शिक्षक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

सागर, 16 जुलाई । मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली क्षेत्र स्थित चांदपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र ने पढ़ाई के लिए अपना स्कूल बैग खोला और उसमें से एक नागिन निकल आई। घटना से कक्षा में मौजूद बच्चों में दहशत फैल गई, हालांकि, शिक्षक की सतर्कता और सूझबूझ से स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, नर्सरी कक्षा का छात्र भास्कर अहिरवार प्रतिदिन की तरह स्कूल पहुंचा था। प्रार्थना सभा के बाद जब कक्षाएं शुरू हुईं तो वह बैग से किताब निकालने लगा। इसी दौरान बैग की चेन खुलते ही उसमें से करीब डेढ़ फीट लंबी नागिन फुफकारते हुए दिखाई दी। यह दृश्य देखते ही छात्र घबरा गया और बैग छोड़कर कक्षा से बाहर भाग निकला। उसकी चीख सुनकर अन्य बच्चे भी डर गए और कक्षा से बाहर निकल आए।

बच्चों के शोर-शराबे की आवाज सुनकर विद्यालय का स्टाफ मौके पर पहुंचा। बैग में नागिन होने की जानकारी मिलते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच शिक्षक अभय यादव ने संयम और साहस का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक बैग को उठाकर विद्यालय परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर रख दिया।

बैग जमीन पर रखते ही नागिन बाहर निकल आई। इसके बाद शिक्षक ने सतर्कता के साथ उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया। बाद में नागिन को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।

शिक्षक अभय यादव ने बताया कि यदि बच्चा अनजाने में बैग के अंदर हाथ डाल देता या समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा विद्यालय की पहली प्राथमिकता है।

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। वहीं, शिक्षक की तत्परता और साहस की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। विद्यालय में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा, लेकिन समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply