News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

वरिष्ठ जन संबल कार्यक्रम: अकेले रह रहे बुजुर्गों का सहारा बनी पुलिस

अजमेर, 15 जुलाई । राजस्थान पुलिस के ‘वरिष्ठ जन संबल कार्यक्रम’ के तहत अजमेर जिले में पुलिस टीमें घर-घर जाकर अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों का हालचाल जान रही हैं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिला रही हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत सरवाड़, सोमलपुर और लाडपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बुजुर्गों से मुलाकात की गई।

सरवाड़ के नागोला रोड निवासी 75 वर्षीय राजसिंह भटनागर ने पुलिस को बताया कि पत्नी के निधन के बाद वे अकेले रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि चारों बेटों ने संपत्ति अपने नाम कराने की शर्त पर साथ रखने की बात कही, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसके बाद उन्होंने अपने बाड़े में ही रहने का निर्णय लिया। वे तीन देशी गायों की देखभाल करते हैं तथा चांदोलाई निवासी सांवरलाल प्रजापत उनकी सहायता करते हैं। राजसिंह ने पुलिस से कहा कि वे सम्मान के साथ अपना जीवन जी रहे हैं और उन्हें किसी से शिकायत नहीं है।

इसी अभियान के तहत सोमलपुर में 72 वर्षीय दुला तथा गेगल थाना क्षेत्र के लाडपुरा में 76 वर्षीय मूल सिंह से भी पुलिस ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के लिए ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी तथा किसी भी परेशानी में तत्काल पुलिस से संपर्क करने का भरोसा दिलाया।

अजमेर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि आसपास रहने वाले अकेले बुजुर्गों का ध्यान रखें तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वरिष्ठ जन संबल कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों को सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान करना है।

Leave a Reply