करंट लगने से छात्र की मौत
पलामू, 15 जुलाई । पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कबलियासी गांव में बुधवार को करंट लगने से 11 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहित कुमार के रूप में हुई है। वह गांव के सरकारी विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र था। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, मोहित कुमार बुधवार को स्कूल में बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने के उद्देश्य से आधार कार्ड लेने घर आया था। आधार कार्ड लेकर वह दोबारा स्कूल जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान घर में लगे बिजली के अर्थिंग सिस्टम में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया। घटना के समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके कारण उसे तत्काल सहायता नहीं मिल सकी।
करंट लगने से मोहित गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को अपने घर ले गए।
मोहित अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ घटना की जांच कर बिजली व्यवस्था में हुई संभावित लापरवाही की पड़ताल करने की मांग प्रशासन से की है।————