News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

अलीराजपुरः महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में ग्रामीणों ने निकाली बाइक रैली, नगर को कराया बंद

आलीराजपुर, 12 जुलाई । मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले आलीराजपुर के बोरी थाना क्षेत्र में बेवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म, डकैती और बर्बरता के विरोध में रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बोरी गांव और आसपास गांव वालों व युवाओं ने बाइक रैली निकाली। इस दौरान ‘पीड़िता को न्याय दो’, ‘दोषियों को गिरफ्तार करो’ और ‘कड़ी कार्रवाई करो’ जैसे नारे लगाए गए। नगर बंद भी कराया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। इधर, प्रदेश कांग्रेस ने भी मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है।

गौरतलब है कि शुक्रवार रात 8 से 10 हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से इंदौर रैफर कर दिया गया। फिलहाल महिला निजी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों को शक था कि महिला ने घर में 8 किलोग्राम चांदी छिपा रखी है। डरी-सहमी महिला ने अपने पास की 1 किलोग्राम चांदी उन्हें सौंप दी, लेकिन वे बाकी चांदी की मांग पर अड़े रहे। चांदी की तलाश में बदमाशों ने घर का सामान बिखेर दिया और भीतर तीन से चार जगह खुदाई की।

जिला अस्पताल के डॉक्टर अमित दलाल का कहना है कि पीड़ित के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोट है। आसपास के क्षेत्र में सूजन भी है। शरीर पर संघर्ष (जबरदस्ती) के संकेत भी हैं। इनमें हाथ, पैर और जांघों पर चोट के निशान शामिल हैं। पीड़ित के साथ गंभीर शारीरिक हिंसा हुई है। साथ ही, किसी कठोर लकड़ी का प्रयोग किया गया है।

इधर, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बताया कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। इसमें पूर्व मंत्री बाला बच्चन, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ, विधायक झूमा सोलंकी, विधायक सेना पटेल व विधायक विक्रांत भूरिया शामिल हैं। समिति घटनास्थल व संबंधित तथ्यों का अध्ययन कर प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को सौंपेगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आदिवासी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष व झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया ने शनिवार रात इंदौर के एमटीएच अस्पताल पहुंचकर पीड़ित से मुलाकात कर उसका हाल जाना। भूरिया ने कहा कि 20 जुलाई से प्रारंभ होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र में इस घटना समेत प्रदेश में दलितों, आदिवासियों और महिलाओं पर बढ़ते अपराधों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

जयस ने रोष जताया

आदिवासी संगठन जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) ने भी घटना पर रोष जताया है। संगठन ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो जिलेभर में आंदोलन किया जाएगा। जयस ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।

Leave a Reply