News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

मॉनसून के बीच भी शिमला में पर्यटकों की रौनक बरकरार

शिमला, 12 जुलाई । शिमला में मॉनसून के बीच भी पर्यटकों की आवाजाही जारी है। इस वीकेंड पर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल माल रोड और रिज मैदान पर दिनभर सैलानियों की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। जुलाई की शुरुआत में लगातार बारिश के कारण पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई थी, लेकिन पिछले वीकेंड की तुलना में इस बार शहर में आने वाले सैलानियों की तादाद अधिक रही। होटल कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि वीकेंड के दौरान होटलों में करीब 65 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

हिमाचल प्रदेश में इस साल मॉनसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। इसके बाद से राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। हर साल जुलाई से सितंबर के पहले पखवाड़े तक मॉनसून सीजन रहता है। इस अवधि में शिमला सहित प्रदेश के दूसरे पर्यटन स्थलों पर आम दिनों की तुलना में पर्यटकों की संख्या कम रहती है। पिछले कुछ वर्षों में मॉनसून के दौरान भूस्खलन, सड़कें बंद होने और दूसरी आपदा की घटनाओं ने भी पर्यटन पर असर डाला है। इसी वजह से कई पर्यटक इस मौसम में हिमाचल आने से बचते हैं।

इसके बावजूद इस वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों की मौजूदगी साफ दिखाई दी। माल रोड, रिज मैदान और आसपास के बाजारों में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। कालका से शिमला आने वाली अधिकतर ट्रेनें भी इन दिनों सैलानियों से भरी हुई पहुंच रही हैं। इससे साफ है कि बारिश के बावजूद पर्यटक शिमला का रुख कर रहे हैं।

शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार मई में शहर में करीब 8.5 लाख वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई थी। जून में यह संख्या बढ़कर लगभग 10.5 लाख पहुंच गई। जुलाई में अब तक तीन लाख से अधिक वाहन शिमला पहुंच चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि मॉनसून के बीच भी शहर में पर्यटकों का आना पूरी तरह नहीं थमा है।

शिमला होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि मई और जून की तुलना में जुलाई में पर्यटकों की संख्या कम हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले वीकेंड के मुकाबले इस वीकेंड पर सैलानियों की संख्या में हल्का उछाल देखने को मिला, जिससे होटल कारोबार को कुछ राहत मिली। हालांकि आने वाले दिनों के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग की रफ्तार अभी तेज नहीं है। होटल कारोबारियों का मानना है कि मौसम की स्थिति सामान्य रहने पर पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply