चतरा पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार
चतरा, 12 जुलाई । चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिद्धौर थाना क्षेत्र से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की 25.67 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के पाराटांड के पास मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नागरगोजे शुभम भाउसाहेब, अंचलाधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा, पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार तथा थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 25.67 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई एक बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर ब्लॉक मोड़ निवासी शुभम कुमार (19), रौशन कुमार (22) तथा बिहार के गयाजी जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मसौंधा निवासी सुमित कुमार (20) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तीनों के अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस संबंध में आगे की जांच कर रही है।
इस मामले में गिद्धौर थाना कांड संख्या 80/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।————–