भोपाल: डॉ. अंबेडकर और बिरसा मुंडा के चित्रों के अपमान पर कार्रवाई की मांग, एससी-एसटी युवा संघ ने सौंपा ज्ञापन
भोपाल, 05 जुलाई । राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति युवा संघ ने डॉ. भीमराव अंबेडकर और बिरसा मुंडा के चित्रों के कथित अपमान के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को राजधानी भाेपाल के टीटी नगर थाने में ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि हाल ही में अजाक्स भवन, भोपाल में एक व्यक्ति द्वारा दोनों महापुरुषों के चित्रों को चाकू से फाड़कर उनका अपमान किया गया, जिससे समाज में व्यापक नाराजगी है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल पवारे ने कहा कि इस घटना से अनुसूचित जाति और जनजाति समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि यदि मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।