News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीटें घटेंगी: मुख्यमंत्री सुक्खू

शिमला, 04 जुलाई । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्ष 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा समय से कम विधायक चुनकर आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में “मिशन रिपीट” जैसी कोई व्यवस्था नहीं होती और यह जनता तय करती है कि सरकार किसकी बनेगी।

दिल्ली से लौटने के बाद शनिवार को शिमला में कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी की बैठक काफी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि बैठक में भाजपा के आरोपों का जनता के बीच किस तरह जवाब देना है और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे को लोगों तक किस प्रकार पहुंचाना है, इस पर चर्चा हुई और आगे की रणनीति तैयार की गई।

किन्नौर में मंत्री जगत सिंह नेगी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के बीच कथित मतभेद के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कोई मनमुटाव नहीं है। उनके अनुसार, जगत सिंह नेगी ने केवल अपने विचार रखे हैं। विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब आपसी विवाद नहीं होता। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी प्रदेश सरकार में मंत्री हैं और निगम भंडारी यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। दोनों नेताओं के साथ बैठकर बातचीत की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जगत सिंह नेगी ने पार्टी आलाकमान पर कोई सवाल नहीं उठाया है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल में एक पद खाली है और उसे भरना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विस्तार कब होगा, इसका फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बैठक के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम सभी के आराध्य हैं। उन्होंने याद दिलाया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर चंदे में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाना चाहिए और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply