लोकतंत्र में सरकार और मीडिया के बीच निरंतर संवाद बेहद जरूरी : महानिदेशक
पूर्वी सिंहभूम, 03 जुलाई । भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची की ओर से शुक्रवार को जमशेदपुर स्थित गोलमुरी स्थित एक होटल में ‘वार्तालाप-2026’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया।
12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के एवं किसान सशक्तिकरण तथा किसान सम्मान निधि” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में पूर्वी सिंहभूम सहित आसपास के जिलों के करीब 70 पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि क्षेत्र में किए गए सुधारों और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़े विषयों पर मीडिया के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम में पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और मीडिया के बीच निरंतर संवाद बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से जनहितकारी योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी आम लोगों तक पहुंचती है, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित होता है।
पीआईबी रांची के मीडिया एवं संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी। तकनीकी सत्र में दूरदर्शन झारखंड समाचार इकाई के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने ड्रोन दीदी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों के लिए परिवर्तनकारी पहल बताया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेंद्र सिंह मुंडा ने वैज्ञानिक खेती, कृषि यंत्रीकरण और नई तकनीकों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने पत्रकार कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। पद्मश्री और वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता की भूमिका पर जोर दिया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने भी किसान हित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। प्रश्नोत्तर सत्र में पत्रकारों ने विभिन्न योजनाओं और मीडिया से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।