News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Wrold

पाकिस्तान के रावलपिंडी में जेल वैन से 14 कैदी भागे

इस्लामाबाद, 30 जून । पाकिस्तान के रावलपिंडी में 14 कैदी जेल वैन से भाग गए। पुलिस का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर भागे इन कैदियों की तलाश की जा रही है। अभी तक इसमें पूरी तरह सफलता नहीं मिल पाई है। भागे हुए कैदियों में से चार को पकड़ लिया गया है। यह घटना रावलपिंडी के कहूटा क्षेत्र में हुई है।

जियो न्यूज और दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रावलपिंडी पुलिस के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि कहूटा में जेल वैन से 14 कैदियों के भागने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान चार कैदियों को दबोच लिया गया। प्रवक्ता के अनुसार, संबंधित अधिकारियों से घटना के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। प्रवक्ता ने बताया कि बाकी 10 कैदियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें काम कर रही हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि घटना से पहले वैन के अंदर कैदियों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई। अदालत में पेशी के बाद कैदियों को अदियाला जेल ले जाया जा रहा था, तभी यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि वैन को चेकिंग के लिए रोका गया। इस दौरान एक कैदी ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया।

सनद रहे, पिछले साल कराची की मालिर जेल से भूकंप के कारण लोगों को बाहर निकालते समय 200 से ज्यादा कैदी भाग गए थे। इस घटना में कम से कम एक कैदी की मौत हो गई थी और कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इनमें से 80 से ज्यादा कैदियों को पकड़ लिया गया था।

Leave a Reply